For advertisement contact-09319700701

Tuesday, May 24, 2011

शिक्षक हैं समाज के आदर्श

गोपेश्वर: गायत्री परिवार ट्रस्ट ने राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर में शिक्षक गरिमा शिविर का आयोजन कर शिक्षकों को समाज का आदर्श व देश के भावी नागरिकों का निर्माता करार दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर जिला शिक्षा अधिकारी वाईएस चौधरी ने कहा कि शिक्षक अपने कार्यो से समाज में एक आदर्श स्थापित करें। शांतिकुंज के गढ़वाल प्रभारी डॉ. बीएन जोशी ने कहा कि शिक्षा एक प्रतिदान है और उसका मूर्तरूप शिक्षक है। छात्रों का व्यक्तित्व सुधारने में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। यदि शिक्षक अपनी गरिमा एवं दायित्व को समझ लें, तो युग परिवर्तन की परिकल्पना साकार होने में कोई अवरोध नहंी आएगा। भारतीय संस्कृति विषय की महत्त्ता बताते हुये एलपी मलगुड़ी ने कहा कि विश्व को मानवता का पाठ पढ़ाने वाली यह संस्कृति लौकिक व आध्यात्मिक दोनों क्षेत्रों को उन्नत बनाकर मनुष्य को देवत्व की ओर ले जाती है। शिविर में सुमित्रा राणा ने कहा कि शिक्षा और विद्या अलग-अलग हैं। शिक्षा भौतिक पदार्थो का ज्ञान है और विद्या आध्यात्मिक तत्वों के ज्ञान और आंतरिक गुणों का उत्थान करती है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए गंभीर सिंह फरस्वाण ने कहा कि आज के निराशापूर्ण वातावरण को बदलने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई है। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से किये जा रहे सामाजिक, शैक्षिक कार्यो की एक टेलीफिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर राजेन्द्र सिंह पुंडीर, दलीप सिंह गड़िया, देवी प्रसाद भट्ट, सरला बिष्ट, चंडी प्रसाद रतूड़ी, अजय कपरवाण, डॉ. राकेश गैरोला सहित कई लोगों ने विचार व्यक्त किये।

No comments:

Post a Comment