For advertisement contact-09319700701

Wednesday, May 25, 2011

पीड़ित के दरवाजे पहुंच करें समस्या निस्तारण

भगवानपुर, प्रतिनिधि (रुड़की): मुख्यमंत्री डॉ. रमेश चंद पोखरियाल ने मंगलवार को पूरे मूड में दिखे। कभी सख्त तो कभी नरम। एक ओर जहां उन्होंने भगवानपुर में जनता की मांग जमकर 'तोहफे' बांटे, वहीं जनसमस्याओं के अंबार पर अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दे डाली कि शासन की मंशा के अनुरूप काम न करने पर उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई हर-हाल में होगी।
वे मंगलवार को भगवानपुर स्थित बीडी इंटर कालेज परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में जनसमस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने सरकारी अफसरों की जमकर क्लास लेते हुए सख्त हिदायत दी कि अब से फरियादी को चक्कर काटाने की बजाए उसकी की समस्या सुनने के लिए अफसरों को खुद उसके दरवाजे पर जाना होगा। शिविर में शिकायत दर्ज कराने वाले पीड़ित की समस्या सुनी, जिन मामलों में अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही नजर आई उसी समय सबके सामने उसकी फटकार लगाई और तत्काल समस्या के समाधान के आदेश दिए।
उन्होंने भगवानपुर में कन्या इंटर कालेज को मंजूरी दी, दो करोड़ अस्सी लाख रुपये की लागत की बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का लोकार्पण किया और ग्रामीण प्रेस क्लब के लिए पांच लाख रुपये दिए जाने की घोषणा भी की। यानि जिसने जो मांगा उसे दिया। विधायक सुरेंद्र राकेश ने भगवानपुर को नगर पंचायत बनाने की बात की तो मुख्यमंत्री ने झट से डीएम को प्रस्ताव तैयार कर उन्हें भेजने का निर्देश दे दिए। इलाके के युवाओं को तो उन्होंने बिना मांगे ही रुहालकी दयालपुर गांव में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा कर निहाल कर दिया।
उनका यह मूड जनसमस्याओं के अंबार को देख उखड़ गया। वृद्धा पेंशन के समय से न मिलने की सबसे अधिक शिकायत आने पर वे दंग रह गए। एक मामला हाल्लूमजरा गांव निवासी तेलूराम का था। वे चार साल तक से पेंशन पा रहे थे पर, अब उनकी आयु साठ साल से कम बताकर पेंशन रोक दी गई। मौके पर ही समाज कल्याण अधिकारी को बुला मुख्यमंत्री ने सवाल किया आयु बढ़ती है या घटती है, वे कोई जवाब न दे सके। हिदायत मिली कि कल ही से पेंशन चालू हो जाए। साथ ही अन्य मामलों को दस दिनों के भीतर निपटाने के निर्देश भी जारी कर दिए गए। स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों को सप्ताह भर में ही सभी स्कूलों की जांच कर लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए। सीएम के सामने चाक-चौबंद रिपोर्ट पेश करने वाले डीईओ और बीईओ को आवास पर बैठकर निरीक्षण रिपोर्ट बनाने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है। इसी तरह के कई अन्य शिकायतों का उन्होंने मौके पर ही निपटारा किया।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, विधायक भगवानपुर सुरेंद्र राकेश, विधायक लंढौरा हरिदास, भाजपा के प्रदेश महामंत्री मयंक गुप्ता, पूर्व मंत्री डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित, समाज कल्याण बोर्ड की चेयरमैन निरुपमा गौड़, दायित्वधारी श्यामवीर सिंह सैनी, सुरेश राठौर, डॉ. रामपाल सिंह, डीसीबी के डायरेक्टर सुशील त्यागी, डॉ. अनिल शर्मा, आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment