For advertisement contact-09319700701

Thursday, May 19, 2011

कोरी घोषणाएं कर रहे हैं मुख्यमंत्री

गंगोलीहाट: अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी बुधवार को गंगोलीहाट पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस मौके पर प्रदेश सरकार के मुखिया पर कोरी घोषणाएं करने का आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक तिवारी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कांग्रेस के शासनकाल में स्वीकृत योजनाओं का ही लोकार्पण कर रही है। हेलीकॉप्टर से क्षेत्रों में जाकर शासन की उपलब्धियों को गिना रहे मुख्यमंत्री जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रहे हैं। जबकि सरकार को यह धनराशि नए रोजगार सृजन के क्षेत्र में खर्च करनी चाहिए थी। यदि रोजगार देने की नीति बनी होती तो कांग्रेस भी सरकार का पूरा साथ देती। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर बार बजट का रोना रोते हुए केन्द्र पर उपेक्षा का आरोप लगाती है जबकि केन्द्र सरकार ने 78 करोड़ का वार्षिक बजट दिया है। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के लोकार्पण में कांग्रेस विधायकों को भी दूर रखने की निंदा की। कहा कि आम जनता को भाजपा की कथनी और करनी का अंतर समझ में आ गया है। इस मौके पर पूर्व विधायक नारायण राम आर्य, पुष्कर खाती, संजय साह, तारा चन्द्र जोशी, विन्दू रौतेला, देवेन्द्र सिंह, गणेश बोरा, मनोज मेहरा आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment