For advertisement contact-09319700701

Friday, May 20, 2011

रुद्रनाथ: मुख से होती शिव की पूजा

गोपेश्वर: रुद्रनाथ वही जगह है जहां पांडवों को भगवान शिव के मुख के दर्शन हुये थे। लाल माटी पर्वत श्रृंखलाओं के मध्य बसे समुद्रतल से 2286 मीटर की उंचाई पर स्थित रुद्रनाथ की यात्रा अपने आप में किसी कठोर तप से कम नहीं है। 18 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पैदल ही पार कर रुद्रनाथ पहुंचने पर श्रद्धालु भगवान शिव के मुखारबिंद के दर्शन होते है। यह देश का एकमात्र तीर्थ है जहां शिव के मुख की पूजा होती है। अन्यत्र शिव की पूजा लिंग के रूप में होती है।
पूरे विश्व में एकानन के रूप में रूद्रनाथ तथा चतुरानन के रूप में नेपाल के पशुपतिनाथ व पंचानन के रूप में इंडोनेशिया में भगवान शिव के मुखारबिन्द के दर्शन होते है। रूद्रनाथ मंदिर में भगवान शिव एक गुफा में टेढ़ी गर्दन किये हुये ऐसे दर्शन देते है मानो वे भक्तों की प्रतीक्षा में हो। रुद्रनाथ को लेकर केदारखंड में लिखा है कि पांडवों ने मोक्ष प्राप्ति के लिए यही आकर भगवान शिव के मुख के दर्शन किये। शास्त्र मानता है कि यही पर भगवान शिव पार्वती के साथ तपस्या में लीन थे। और यहीं से पार्वती अपने पिता दक्ष के यज्ञ में शामिल होने के लिए हरिद्वार के कनखल गई थी। जहां अपने पति शिव के अपमान से क्षुब्ध पार्वती ने यज्ञ कुंड में आहूति दी थी।
रूद्रनाथ पौराणिक तीर्थस्थान है। यहां हजारों तीर्थयात्री भगवान शिव के दर्शनों के लिए आते हैं, लेकिन सरकार ने पंच केदारों में चतुर्थ केदार के नाम से विख्यात इस तीर्थ के विकास के लिए कुछ नहीं किया। हालत यह है कि सगर से पैदल 18 किलोमीटर की यात्रा मार्ग पर कहीं भी पीने के लिए पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। यही नहीं पैदल मार्ग जर्जर होकर मौत को आमंत्रण दे रहा है। इससे शिव भक्तों में रोष है। मंदिर के पुजारियों में से एक पंडित हरीश भट्ट का कहना है कि सरकार तीर्थाटन के विकास के दावे तो करती है, लेकिन धरातल पर वास्तविकता एक दम विपरीत है।

No comments:

Post a Comment