For advertisement contact-09319700701

Friday, May 20, 2011

चाय पिलाकर दो युवकों को लूटा

हल्द्वानी: दिल्ली से आ रहे दो युवकों को रास्ते में जहरखुरानी गिरोह ने शिकार बना लिया। युवकों से मित्रता गांठ गजरौला में जहरखुरानों ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद जहरखुरान हजारों की नकदी व मोबाइल आदि सामान लूट ले गए। गुरुवार सुबह रोडवेज में बेहोश मिलने पर लोगों ने दोनों युवकों को बेस अस्पताल में भर्ती कराया है।
अल्मोड़ा जिले के बूड़ाधार गांव में रहने वाला 38 वर्षीय भीमराम दिल्ली अपने जीजा से मिलने गया था। बुधवार शाम वापस लौटने के लिए रोडवेज बस से हल्द्वानी के लिए चला। इसी बस में पिथौरागढ़ में रहने वाला 22 वर्षीय उमेद सिंह भी सवार हुआ। वह दिल्ली की एक कंपनी में काम करता है। इसी दौरान बगल में बैठे दो युवकों ने उनसे मित्रता कर ली। गजरौला में दोनों युवक भीमराम व उमेद के लिए चाय ले आए। चाय पीते ही दोनों बेहोश हो गए।
सुबह हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर लोगों ने दोनों को बेहोश देखा। इसके बाद उनको बेस में भर्ती कराया गया। दोपहर बाद होश आने पर उमेद ने बताया कि उसके पास 15 हजार रुपये नकदी, मोबाइल व कपड़ों से भरा बैग था। जबकि भीमराम ने बताया कि उसके पास छह हजार रुपये की नकदी, मोबाइल आदि सामान था। दोनों की नकदी, मोबाइल व सामान जहरखुरान लूट ले गए।

No comments:

Post a Comment