For advertisement contact-09319700701

Sunday, May 22, 2011

विधिवत रूप से संचालित हो रोडवेज बस अड्डा

श्रीनगर: रोडवेज बस अड्डे और वर्कशॉप का विधिवत संचालन करने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। समिति ने शीघ्र ही श्रीनगर से रोडवेज बसों का संचालन नहीं होने की स्थिति में आन्दोलन छेड़ने की चेतावनी दी।
शनिवार को संयुक्त संघर्ष समिति ने रोडवेज बस अड्डे पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगें दोहराई। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि 1976 में श्रीनगर को रोडवेज का डिपो घोषित किया, लेकिन 35 वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी वाहनों का संचालन सुचारु रूप से शुरू नहीं किया गया। वर्ष 2005 में तत्कालीन परिवहन मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने डिपो का विधिवत उद्घाटन भी किया, लेकिन राजनीतिक स्वार्थो के कारण यहां से वाहनों का संचालन शुरू नहीं किया गया। संचालन करते हुए नवीन प्रकाश नौटियाल ने कहा कि पिछले कई वर्षो से डिपो से बसों का संचालन नहीं हो रहा है। इसके कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
समिति ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को चार सूत्रीय ज्ञापन भी भेजा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बसों व वर्कशॉप का तुरंत संचालन शुरू करने, सक्षम व पूर्ण स्टाफ की नियुक्ति करने, आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की। धरना प्रदर्शन करने वालों में पीपी पैन्यूली, इंतजार हुसैन, अबरार हुसैन, सत्यपाल सिंह नेगी, गिरीश प्रसाद बहुगुणा, हर्ष सिंह रावत, शक्ति प्रसाद कगडियाल, मदन मोहन नौटियाल, जगमोहन सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह रावत, बसंती जोशी, गायत्री देवी थपलियाल समेत अन्य लोग शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment