For advertisement contact-09319700701

Thursday, May 19, 2011

मनेरी भाली फेज टू में होगा रिकार्ड उत्पादन

उत्तरकाशी: गर्मी बढ़ने के साथ ही ग्लेशियरों के पिघलने से मनेरी भाली प्रथम और द्वितीय चरण रिकार्ड उत्पादन की ओर है। बीते दिनों में हो रही बारिश से भी जलस्तर में बढ़ोत्तरी के चलते विद्युत उत्पादन बढ़ रहा है।
ग्लेशियरों के पिघलने से और बीते दिनों से हो रही बारिश के चलते भागीरथी नदी का जल स्तर उफान पर है जिसने मनेरी भाली परियोजना में जान फूंक दी है। 340 मेगावाट की मनेरी भाली विद्युत परियोजना द्वितीय चरण इन दिनों अधिकतम 258 मेगावाट उत्पादन कर रही है। वहीं बीते दिनों से जलस्तर बढ़ने से उत्पादन बढ़ता ही जा रहा है। द्वितीय चरण में न्यूनतम विद्युत उत्पादन भी 165 मेगावाट रहा। वहीं नदी का जलस्तर भी ग्लेशियर पिघलने से बढ़ा हुआ है। बीते दिनों से जलस्तर 113.5 क्यूमेक्स से 113.9 क्यूमेक्स तक पहुंच रहा है। माना जा रहा है कि मौसम मेहरबान रहा तो जलस्तर में और बढ़ोतरी के साथ द्वितीय चरण परियोजना अपने बीते वर्ष के रिकार्ड उत्पादन 298 मेगावाट से अधिक उत्पादन हासिल कर सकती है। वहीं नब्बे मेगावाट की प्रथम चरण के पावर हाउस को तीनों टरबाइनों लायक पानी उपलब्ध होने से परियोजना पूरी क्षमता के साथ उत्पादन कर रही है।
इस संबंध में निगम के डीजीएम एके पटेल ने बताया कि ग्लेशियर पिघलने के साथ ही जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इस बार निगम रिकार्ड उत्पादन की तैयारी भी कर रहा है। उम्मीद है कि मई माह के अंत तक इसे हासिल कर लिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment