For advertisement contact-09319700701

Thursday, May 26, 2011

जानलेवा हो रही सुरक्षा की अनदेखी

उत्तरकाशी: बिना पूर्व सूचना के बैराज से पानी छोड़ने से मनेरी भाली प्रथम व द्वितीय चरण परियोजनाएं जानलेवा साबित हो रही हैं। पानी छोड़े जाने के लिये जरूरी बातों तथा परिचालन मैनुअल की अनदेखी के कारण हर साल दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन परियोजना प्रबंधन इन दुर्घटनाओं से सबक लेने को तैयार नहीं है।
मनेरी भाली प्रथम चरण परियोजना में फ्लाशिंग के कारण द्वितीय चरण परियोजना से भी गेट खोलकर भागीरथी में पानी छोड़ना पड़ा। इससे नाकुरी के समीप स्नान कर रहे तीन साधु पानी में बह गए थे। इनमें से एक अब भी लापता है। पानी छोड़ने में बरती गई लापरवाही पर नजर डालें तो लगता है परियोजना प्रबंधन ने लोगों की सुरक्षा के लिये जरूरी बातों की पूरी तरह अनदेखी की है। बीते वर्ष उत्तरकाशी में मणिकर्णिका घाट के समीप टापू पर तीन युवतियां अचानक भागीरथी का जलस्तर बढ़ने के कारण फंस गई थी। उन्हें बाद में पुलिस ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला था। वर्ष 2006 के जुलाई माह में मणिकर्णिका घाट पर ही तीन महिलाएं भागीरथी के जलस्तर में अचानक आए उफान के कारण काल का ग्रास बन गई थी। इन दोनों घटनाओं में मनेरी भाली प्रथम चरण परियोजना के बैराज से पानी छोड़ा गया था। सभी घटनाओं में पानी छोड़ने से पूर्व सूचना प्रसारित नहीं की गई। वहीं बैराज के सायरन से भी चेतावनी ज्यादा दूर तक नहीं पहुंच पाती, हालांकि मनेरी भाली परियोजना के बैराज के साथ ही मातली, डुंडा व धरासू में सायरन लगाए गये हैं, लेकिन आम तौर पर बैराज और धरासू पावर हाउस के समीप लगा सायरन ही काम करता है। इससे अधिकांश लोगों को इसका पता नहीं चल पाता। इस संबंध में जल विद्युत निगम के डीजीएम एके पटेल ने बताया कि पानी छोड़ने के लिये सभी बातों को ध्यान में रखा जाता है। कई बार लोग गलती से तटों के किनारे चले जाते हैं इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

No comments:

Post a Comment