For advertisement contact-09319700701

Tuesday, May 17, 2011

गहमागहमी व नोकझोंक के बीच मतदान

देहरादून: युवक कांग्रेस की प्रांतीय कमेटी और लोकसभा क्षेत्र कमेटियों के चुनाव के मद्देनजर सोमवार को राजधानी में दिनभर गहमागहमी बनी रही। मतदान स्थल के भीतर और बाहर मतदाताओं को रिझाने की कोशिशें चलती रहीं तो इस दौरान अलग-अलग गुटों के कार्यकर्ताओं की बीच नोकझोंक भी हुई। यही नहीं, मतदान शुरू होने से लेकर विजय जुलूस तक बद्रीपुर रोड और हरिद्वार रोड पर जोगीवाला चौक में दिनभर जाम के कारण लोगों को दुश्वारियों का सामना भी करना पड़ा।
जोगीवाला में बद्रीपुर रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में युकां के चुनाव को देखते हुए वहां सुबह से ही गहमागहमी बढ़ने लगी थी। प्रांतीय कमेटी के लिए किस्मत आजमा रहे 21 प्रत्याशियों के अलावा लोस क्षेत्र कमेटियों के 40 प्रत्याशी और उनके समर्थक जत्थों में वहां पहुंचे। पूर्वाह्न 11 बजे तक मतदाता यानी लोस क्षेत्रों के निर्वाचित विस डेलिगेट व निर्वाचित विस समितियों के सदस्य पहुंच चुके थे।
मतदान से पहले युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव साटव के साथ ही इलेक्शन कमीशन के मेजर जनरल एसपी झिंगन व कर्नल ललित मोहन की मौजूदगी में मतदान से पहले प्रांतीय कमेटी के प्रत्याशियों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। इसी दौरान एक प्रत्याशी को मतदान केंद्र संबंधी नियम की अनदेखी पर उसे बोलने का मौका नहीं दिया गया, जिस पर समर्थकों ने कुछ देर हंगामा काटा। इसके शांत होने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सहयोगी के साथ दूसरे गु्रप की झड़प भी हुई, जो धक्का-मुक्की तक पहुंची गई।
पुरोला के विधायक राजेश जुवांठा ने भी बतौर डेलीगेट मतदान में भाग लिया। शाम को जब मतदगणना शुरू हुई तो अपने प्रत्याशी की जीत की सूचना मिलने पर गेट के बाहर खड़े समर्थक खुशी में जोर-शोर से नारेबाजी करने लगते।चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थन में विजय जुलूस निकाला गया, जो शहर के मुख्य मार्गाें से होते हुए कांग्रेस भवन पहुंचकर संपन्न हुआ। जोगीवाला में युकां के चुनाव के चलते जोगीवाला चौक से मतदान स्थल तक सुबह से वाहनों के जमावड़े के चलते दिनभर ही जाम की स्थिति रही। यही नहीं, शाम को विजय जुलूस के दौरान भी ऐसा ही नजारा रहा।

No comments:

Post a Comment