अल्मोड़ा: राष्ट्रीय राजमार्ग के सुधारीकरण की मांग को लेकर कांग्रेस व सोशलिस्ट जनता पार्टी ने राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड के अभियंताओं के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस ने जहां एनएच के अभियंताओं पर दैवीय आपदा में क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के मरम्मत में जान-बूझकर देरी करने व गुणवत्ताहीन कार्य करने का आरोप लगाया है। वहीं सोशलिस्ट जनता पार्टी ने अल्मोड़ा नगर में बिछे हाटमिक्स, अल्मोड़ा-भवाली मोटर मार्ग मरम्मत में धांधली का आरोप लगाते हुए 20 मई से जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष अनशन का एलान किया है। सोजपा के प्रदेश अध्यक्ष अकबर खान ने कहा है कि वह अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एनएच द्वारा अब तक किए गए अल्मोड़ा-भवाली मोटर मार्ग के कार्यो की उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे। इसके अतिरिक्त 8 किमी बिछाए गए हाटमिक्स को गुणवत्ताहीन बताते हुए अनियमितताओं की भी जांच की मांग की है। इधर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक ने कहा है कि एनएच-87 ईएक्स के दुरुस्तीकरण की मांग को लेकर अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यालय में सोमवार को एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में धरना शुरू होगा। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में एनएच को लेकर जिलाधिकारी को कांग्रेसजनों ने ज्ञापन सौंपा। बिट्टू कर्नाटक ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से 16 जून को 11 बजे अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग थपलिया में पहुंचने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment