For advertisement contact-09319700701

Monday, May 23, 2011

तैड़िया गांव में फैला डायरिया का प्रकोप

कोटद्वार : प्रखंड रिखणीखाल के अंतर्गत कार्बेट नेशनल पार्क के कोर जोन में बसे तैड़िया ग्राम में इन दिनों डायरिया का प्रकोप फैला हुआ है। बीमारी से पीड़ित मरीजों को दवा के लिए कई किमी. का सफर तय कर रिखणीखाल से दवा लेनी पड़ रही है। डायरिया का कारण दूषित पेयजल आपूर्ति बताया जा रहा है।
प्रखंड रिखणीखाल के अंतर्गत ग्राम तैड़िया के वाशिंदे इन दिनों डायरिया की चपेट में हैं। स्थिति यह है कि 40 परिवारों वाले इस गांव में एक दर्जन से अधिक परिवारों के सदस्य उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। ग्रामीणों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खदरासी अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रिखणीखाल से उपचार कराया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता अंबिका प्रसाद ध्यानी ने बताया कि डायरिया का कारण गांव में दूषित पेयजल आपूर्ति है। उन्होंने बताया कि गांव में तैड़िया पंपिंग योजना से पेयजल आपूर्ति होती है। उनका आरोप है कि जल संस्थान की ओर से पिछले लंबे समय से इस योजना के टैंक की सफाई नहीं की गई है, जिससे दूषित पानी आ रहा है।
इधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सीएम कुकरेती ने बताया कि तैड़िया पंपिंग योजना गत अप्रैल माह में जल निगम की ओर से विभाग को हस्तांतरित की गई, जिसके बाद विभाग योजना संचालित कर रहा है। उन्होंने अगले एक-दो दिनों में टैंक की सफाई कराने की बात कही। दूसरी ओर, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केडी शर्मा ने डायरिया से संबंधित जानकारी से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि खदरासी से चिकित्सक को गांव में भेजा जाएगा।

No comments:

Post a Comment