For advertisement contact-09319700701

Thursday, May 19, 2011

लाठी डंडों से लैस युवकों ने बोला धावा

हल्द्वानी: रात्रि में मोहल्ले में बैठे दर्जन भर युवकों को बाइक सवार हमलावरों ने लाठी, डंडों व लोहे के रॉड से घायल कर दिया। अंधेरे में अचानक हुए इस हमले से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हमले में घायल दर्जन भर लोगों को स्थानीय लोगों ने बेस अस्पताल भर्ती कराया। पुलिस मौके पर पहुंच हालात सामान्य करने में जुटी है।
बुधवार को रात्रि करीब साढ़े आठ बजे मंगलपड़ाव चौकी अंतर्गत अंबेडकरनगर निवासी तमाम युवक मोहल्ले में ही बैठक बातचीत में मशगूल थे। इसी दौरान थोड़ी देर के लिए क्षेत्र की बिजली गुल हुई। अचानक गांधीनगर निवासी पारितोष, विकास व तपन अपने आधा दर्जन साथियों के साथ वहां आ धमके। सभी क्रिकेट बैट, स्टंप व लोहे की रॉड हाथों में लिए हुए थे। अचानक मोहल्ले में बैठे युवकों पर उन्होंने अंधाधुंध वार करने शुरू कर दिये। बचने की कोशिश करने व युवकों के चीखने चिल्लाने तक सभी हमलावर तेजी से फरार हो गये। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में मोहल्ले वासी घायलों को बेस चिकित्सालय ले आए। यहां अर्जुन (20), सत्यप्रकाश (24), राकेश साहू (28), छोटू (20), समिति सहित आधा दर्जन अन्य युवकों के सिर, पैर व मुंह में चोटें आई हैं। इनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है। वहीं घटना के बाद से आसपास के लोगों का भी बेस अस्पताल में जमावड़ा लग गया। सूचना पर पुलिस बेस अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंची। कोतवाल पीके शाह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों को दिन में किसी बात को लेकर विवाद होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी को दबिशें दे रही है।

No comments:

Post a Comment