For advertisement contact-09319700701

Monday, May 23, 2011

रिक्शा चलाकर मुंबई जाएगा दिलीप कुमार का दीवाना

काशीपुर : न कोई रिश्ता न नाता और न जन्मों का बंधन..पर इसे दिवानगी कहें, श्रद्धा का नाम दें तो सारे समानान्तर शब्द एक व्यक्ति के जुनून के आगे अपने आप ही जुड़ते जाते हैं। एक व्यक्ति के लिए प्रख्यात फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार के प्रति कुछ इसी तरह की भावना है। इसके लिए वह सात पहिए का रिक्शा चलाकर उनसे मिलने मुबंई जाएगा।
नगर के मोहल्ला पक्का कोट निवासी अब्दुल वाजिद दिलीप कुमार के दिवाने हैं, उनसे मिलना उनका जुनून है। इनकी कहानी भी एक परीकथा की तरह है। पेशे से नाई अब्दुल के जीवन में एकाएक परिवर्तन आया। उनके अनुसार अपने पिता के मृत्यु के कुछ वर्ष बाद उसने अल्लाह से अपने पिता की सपने में तस्वीर दिखाने को कहा। 1989 में उनके सपने में दिलीप कुमार दिखाई दिए। इसके पहले उनका फिल्मों से या अभिनेता दिलीप कुमार से कोई खास लगाव नहीं रहा। यहीं से उन्होंने अभिनेता को अपने पिता का दर्जा दे दिया। कहानी यहीं पर खत्म नहीं हुई, उसने आर्थिक तंगी व परिवार की माली हालत को दरकिनार कर दिलीप कुमार का जन्मदिन भी मनाना शुरु किया। एक बार उसने अपने सपने के दिलीप कुमार से मिलने के लिए मुंबई की खाक भी छानी, लेकिन उस बार उसे केवल उनका चेहरा देखने को मिला। आश्वासन के बाद भी दिलीप न मिलने से निराश होकर वह घर लौट आया, लेकिन वह मायूसी आखिरी नहीं थी। उसकी ख्वाहिशें अब भी कायम हैं। इसीलिए वह फिर से मुंबई जाने की तैयारी कर रहा है। वह भी सात पहिए का रिक्शा चलाकर।

No comments:

Post a Comment