For advertisement contact-09319700701

Saturday, May 21, 2011

राज्य वित्त के प्रस्तावों पर सदन में हंगामा

रानीखेत: ताड़ीखेत बीडीसी की बैठक में सदस्यों ने जोरशोर से बहस कर कई मुद्दों पर ब्लाक प्रमुख व अफसरों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताया। राज्य वित्त के धनावंटन संबंधी प्रस्तावों तथा सक्षम अधिकारियों की गैर हाजिरी पर सबसे ज्यादा हंगामा हुआ। इस कारण द्वितीय राज्य वित्त के धन आवंटन के 1.10 करोड़ के प्रस्तावों का अनुमोदन नहीं हो पाया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से कुछ देर बाद शुक्रवार को ताड़ीखेत बीडीसी की रोस्टर बैठक शुरू हुई। सर्वप्रथम पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़ी गई और इसके बाद मुद्दों पर बहस हुई। सबसे पहले सदस्यों ने द्वितीय राज्य वित्त के धन के आवंटन के प्रस्तावों का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने इस बात को लेकर आक्रोश जताया कि प्रस्ताव मांगे जाने के बावजूद सूची मनमाने तरीके से तैयार कर ली गई। जिसमें पक्षपात किया गया है। सक्षम अधिकारियों की गैर हाजिरी का सवाल उठा। कई सक्षम अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर सदस्य भड़क उठे। हंगामे के दौरान दूरभाष से डीएम ने गैर हाजिर अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया। तब मामला शांत हुआ। इनके अलावा पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, लघु सिंचाई, भूमि संरक्षण, खाद्यान्न आदि कई विभागों से संबंधित चर्चाएं हुई। सक्षम अधिकारियों के नहीं होने से कई सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया।
बैठक में विधायक करन माहरा ने कई विषयों की जानकारी दी और समस्याओं के निराकरण के लिए सुझाव दिए। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख देव राम व संचालन ग्राम विकास अधिकारी एचसी सुयाल ने किया।
बैठक में विधायक करन माहरा समेत कनिष्ठ उप प्रमुख हीरा देवी, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट सी. रविशंकर, तहसीलदार रिंकू नेगी, जिला पंचायत राज अधिकारी आरसी त्रिपाठी, डिप्टी सीएमओ आरसी जोशी, उपखंड शिक्षा अधिकारी पीएल टम्टा, जलागम उप निदेशक ललिका सिंह, बीडीओ मीना मैनाली समेत गोपाल देव, कृपाल आर्य, गजेंद्र फत्र्याल, त्रिलोक चंद्र आर्य, प्रतिभा नेगी, अम्बादत्त, डा.हेम सती, त्रिलोक रावत आदि ने मामले उठाए।

No comments:

Post a Comment