For advertisement contact-09319700701

Thursday, May 26, 2011

अंधड़ से जन जीवन अस्त-व्यस्त

ऋषिकेश: बुधवार रात्रि बारिश से पूर्व चले जबरदस्त अंधड़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी से चंद्रेश्वर नगर में दीवार ढहने से चार लोग घायल हो गए। तीर्थनगरी क्षेत्र में जगह जगह पेड़ टूटने से यातायात प्रभावित रहा और बिजली गुल हो गई। कई लोगों को चोटें भी आई।
दिन भर गर्मी की मार झेलती रही तीर्थनगरी के मौसम ने रात को करवट बदली। सायं से आसमान में घिर आए बादल जमकर गरजे, मगर बारिश नहीं हुई। जबकि रात्रि करीब आठ बजे जोरदार अंधड़ ने जनजीवन ही अस्तव्यस्त कर के रख दिया। भारी अंधड़ के कारण कई जगह पेड़ टूटकर मार्ग पर आए गए जबकि कई जगह पेड़ टूटकर हाईटेंशन लाइनों पर गिर गए। जिससे नगर तथा आसपास क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच बाईपास मार्ग समेत राजमार्ग पर दो दर्जन से भी अधिक पेड़ टूटकर गिर गए। जिससे कई स्थानों पर वाहन फंस गए। देर रात तक पेड़ नहीं हटाए गए थे। जबकि राजमार्ग पर कई जगह चारधाम यात्रा पर आ रहे वाहन फंसे हुए थे। यात्रियों ने आसपास क्षेत्रों में ही रात बिताने के लिए शरण ली। गुमानीवाला के पास एक पेड़ गिरने से गंगानगर निवासी 18 वर्षीय सुमन कुमार घायल हो गया वह बाइक से ऋषिकेश की ओर आ रहा था। राजमार्ग पर श्यामपुर पुलिस चौकी के समीप, नेपाली फार्म, मोतीचूर आदि जगहों पर भारीभरकम पेड़ गिरने से राजमार्ग बंद बताया जा रहा है। वहीं हाईटेंशन लाइनों पर भी कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे समूचे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई। देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। उधर, चंद्रेश्वर मार्ग स्थित सब्जी मंडी में एक दीवार ढहने से चार लोग घायल हो गए। सब्जी लेने गए मुस्तफा (17) व प्रमोद सिंह चौहान (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कुछ सब्जी विक्रेताओं को भी चोटें आई। आवास विकास में राम प्रसाद केवनी तथा विशेष सक्सेना के घर की छत पर विशालकाय पेड़ गिरने से दोनों मकान क्षतिग्रस्त हो गए। गमीनत रही कि घर में मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। उधर, डोईवाला के कांडरवाला गांव में आंधी तूफान से उदय सिंह का कच्चा घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। उदय सिंह के तीन बच्चे व बूढ़ी मां घर ढहने के कारण बेघर हो गए। पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह नेगी ने प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की। वहीं, डोईवाला कोतवाली के समीप तथा लच्छीवाला में राजमार्ग पर पेड़ टूटने से यातायात प्रभावित रहा।

No comments:

Post a Comment