For advertisement contact-09319700701

Wednesday, May 25, 2011

गुस्सायी महिलाओं ने घेरा जल संस्थान कार्यालय

बागेश्वर: मंडलसेरा में विगत 15 दिन से पानी की आपूर्ति ठप होने से गुस्सायी महिलाओं ने मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तुरंत पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गयी तो डीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य हंसी नेगी के नेतृत्व में मंगलवार को मंडलसेरा की महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय का घेराव किया तथा नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग पर ग्रामीणों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उपभोक्ताओं ने कहा कि कई बार सूचित करने के बाद भी जल संस्थान ने कोई कार्रवाई नहीं की। पानी की आपूर्ति नहीं होने पर उपभोक्ताओं को कई किमी दूर जाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। महिलाओं ने बताया कि उनका सारा दिन की पानी की व्यवस्था में बीत रहा है। ग्रामीणों को दूषित जल के कारण बीमारी का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि दो दिन के भीतर पानी की आपूर्ति नहीं की तो वह डीएम कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान दीपा भौर्याल, भावना कांडपाल, भगवती कुलेगी, दुर्गा देवी, सरस्वती जोशी, मुन्नी देवी, दीपा गोस्वामी, राधा कालाकोटी, बसंती देवी, तुलसी देवी, ममता देवी, बहादुर सिंह, गोपाल गिरि, मोहन सिंह आदि मौजूद थे। इधर विभाग के अवर अभियंता वीके टम्टा ने कहा कि श्रोत में पर्याप्त पानी है लेकिन अराजक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ कर सिंचाई के लिए प्रयोग किया जा रहा है। जिस कारण पानी की आपूर्ति बाधित हुई है। बताया कि आपूर्ति शीघ्र बहाल की जाएगी।

No comments:

Post a Comment