पौड़ी गढ़वाल: संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक संस्थाओं को सूचीबद्ध करने के लिए संस्कृति भवन में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्कृति भवन में लोक कला के कई रंग देखने को मिले। उत्तरकाशी का रासौं तो पौड़ी का थड्या नृत्य में संस्कृति विभाग के निर्णायक भी खोए हुए नजर आए।
उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी में रविवार को संस्कृति विभाग सांस्कृतिक संस्थाओं को सूचीबद्ध करने के लिए परीक्षण करती रही। संस्कृति भवन में उत्तरकाशी के जगदेई कला मंच की प्रस्तुति प्रभावशाली रही। इस प्रस्तुति में महाभारत का दृश्य दर्शाया गया, जिसमें कृष्ण ने अर्जुन को उपदेश दिए। इसके अलावा इसी दल ने कंडार देवता के डोली नृत्य का दृश्य प्रस्तुत किया। शार्प सांस्कृतिक कला मंच, गढ़श्रेष्ठ लोक सांस्कृतिक कला समिति, चन्द्रबदनी हिमालय नाद, रैबार नारायण नगर कोटद्वार, मंदाकिनी सांस्कृतिक कला मंच व समता महिला विकास समिति ने प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में 12 दल शामिल नहीं हुए। ऐसे में कई जनपदों की टीमों ने कार्यक्रम से मुंह मोड़ा है।
सहायक निदेशक संस्कृति योगेश पंत, डॉ. डीआर पुरोहित, बलराज नेगी व क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. बीपी बड़ोनी निर्णायक मंडल में शामिल रहे। डा. पुरोहित ने बताया कि गढ़वाल के बाद कुमाउ मंडल के लोक कला व संगीत से जुड़ी संस्थाओं को सूचीबद्ध करने का कार्य किया जाएगा। पिथौरागढ़ में 28 व 29 मई व देहरादून में 1 व 2 जून को सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुति होंगी।

No comments:
Post a Comment