For advertisement contact-09319700701

Tuesday, May 24, 2011

गंगा उद्गम के दर्शन नहीं सुगम

उत्तरकाशी:गंगोत्री से गोमुख तक का सफर इस बार यात्रियों के लिए सुगम नहीं है। गत वर्ष हुई अतिवृष्टि से जगह-जगह से ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण गंगोत्री धाम से गोमुख तक 18 किमी. के टै्रक पर इस बार जोखिम अधिक बढ़ गया है।
यात्राकाल में इस ट्रैक पर रोजाना सौ से डेढ़ सौ यात्रियों की आवाजाही होती है। हर वर्ष अमूमन इसी अनुपात में रोमाचंक सफर के यात्री इस ट्रैक पर टै्रकिंग करते हैं। जानकारी होने के बावजूद समय से पहले इस टै्रक को ठीक न कराया जाना यात्रियों की सुरक्षा के प्रति प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। फिलहाल यह मार्ग यात्रा के लिए जोखिम भरा है, जिस पर यात्रियों को जान हथेली पर रखकर सफर करना पड़ रहा है।
गत वर्ष हुई बरसात से भारी भूस्खलन व छोटी नदियों में बाढ़ के चलते यह ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हालत यह है कि विभिन्न जगहों पर ट्रैक कई मीटर तक गायब है। पर्यटकों को मलबे के ऊपर ही लुढ़कते पत्थरों के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है, जिस कारण यात्रा में दो से तीन घंटे का समय अधिक लग रहा है। ट्रैक पर छोटी नदियों पर लगी आधा दर्जन पुलिया गायब हैं। इनकी जगह पर पेड़ों के तने बिछाकर आवागमन किया जा रहा है। इन छोटी नदियों पर शाम चार बजे के बाद जल प्रवाह काफी बढ़ जाता है। ऐसा इनके उद्गम पर बर्फ पिघलने के कारण होता है। इस जलप्रवाह के चलते पुलिया की जगह लगे पेड़ों के तने कारगर साबित नहीं हो सकते। लगातार पिघलती बर्फ के कारण ढीली हो गई पहाड़ों की सतह भी लगातार खिसक रही है। जिससे अनेक जगहों पर भूस्खलन की गति भी काफी तेज है। हालांकि गोमुख के बाद तपोवन तक का ट्रैक काफी सुगम है, लेकिन इसके लिये गोमुख ट्रैक के खतरनाक सफर की चुनौतियां से निपटना जरूरी है।

No comments:

Post a Comment