For advertisement contact-09319700701

Friday, May 20, 2011

इस साल भी नहीं खुल पाया इमलीघाट गेट

शांतिपुरी : नदियों से रेता,बजरी खनन सत्र समाप्ति की ओर है, लेकिन इस बार भी शांतिपुरी नं.3 के निकट पिछले कई वर्षो से बंद इमलीघाट गेट को नहीं खोला गया। जिससे गौला नदी के बीचोंबीच बना रेता,बजरी का ढेर बरसात के दिनों में ग्रामीणों के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है।
इस गेट से पिछले कई वर्षो से रेता बजरी निकासी न होने से गौला नदी के बीचोबीच काफी बड़ा ढेर इकट्ठा हो गया है। नतीजतन बरसात के दिनों में नदी में पानी फैल रहा है। नदी नजदीक ही बने वर्षो पुराने शिव मंदिर को भी प्रतिवर्ष खतरा बढ़ रहा है। उधर सिंचाई विभाग द्वारा भूमि कटाव रोकने को लगाई गई ठोकर भी क्षतिग्रस्त हो रही है। सिंचाई विभाग ने भी वन विभाग व जिला प्रशासन से रेत के ढेर को निकलवाने की मांग की थी, जिससे गौला के बीच का हिस्सा गहरा हो जाये। ग्रामीण भी पिछले कई वर्षो से यही मांग करते आ रहे थे। इसी को लेकर चार माह पूर्व नैनीताल व ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन व वन विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का दौरान कर लालकुआं द्वितीय इमलीघाट गेट को पुन: खोलने को लेकर संभावनाएं तलाशीं। इस संबंध में ग्रामीणों के साथ बैठक भी की गयी थी। कार्यवाही पूरी कर लेने के पश्चात कांटा भी स्थापित कर दिया गया था। इसके बावजूद खनन निकासी शुरू नहीं की गयी, जिससे बरसात के दिनों में नदी से गांव में पानी भरने के आसार बढ़ते जा रहे हैं। यदि नये खनन सत्र अक्टूबर से इस क्षेत्र से रेता नहीं उठाया गया तो भविष्य में ग्रामीणों के लिए गौला नदी भारी संकट पैदा कर सकती है। इधर ट्रैक्टर मालिकों ने अक्टूबर से लालकुआं द्वितीय इमलीघाट गेट खोले की मांग की है।

No comments:

Post a Comment