For advertisement contact-09319700701

Friday, May 20, 2011

विश्व पर्यटन मानचित्र पर नजर आएगी झील

नई टिहरी:  यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो आने वाले समय में जल्द ही टिहरी झील पर्यटन के विश्व मानचित्र पर नजर आएगी। सूबे के मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों टिहरी महोत्सव के दौरान जलक्रीड़ा प्रशिक्षण सेंटर को पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा के बाद अब केन्द्र सरकार ने इस योजना को मेघा-मेघा प्रोजेक्ट के तहत चयनित कर लिया है, इसमें अब केन्द्र से इसे 200 से 250 करोड़ आवंटित हो सकेंगे। केन्द्रीय पर्यटन मंत्री सुबोध कांत सहाय ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। पहले चरण में दस करोड़ रुपये केन्द्र व राज्य सरकार के साझे प्रयास से पर्यटन विभाग को उपलब्ध हो गए हैं।
जिलाधिकारी राधिका झा के अनुरोध व प्रमुख सचिव पर्यटन की अगवाई में गुरुवार को इस सेंटर की स्थापना को लेकर जिला सभागार में हुई उच्चस्तरीय बैठक में विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनाने के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर निर्णय लिया गया कि जलक्रीड़ा केन्द्र के लिए कोटी को ही प्रमुख केन्द्र बनाया जाएगा। बांध झील में जल क्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण केन्द्र की स्वीकृति केंद्र सरकार के पर्यटन विकास मंत्रालय से प्राप्त हो गए हैं। प्रमुख सचिव पर्यटन राकेश कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए पांच करोड़ रुपये केंद्र सरकार से प्राप्त हो गए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी व आयुक्त गढ़वाल को स्थानीय लोगों व टीएचडीसी से समन्वय स्थापित कर इस केन्द्र की स्थापना को स्थान, भवन आदि चयन करने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि इसके लिए 250 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार होना है। इसके लिए विशेषज्ञों की टीम डेढ़ माह में जिलाधिकारी की देखरेख में गठित कोर कमेटी की बैठक इस रिपोर्ट को तैयार करेगी। इसके परीक्षण के बाद केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। जिलाधिकारी राधिका झा ने खेल संसाधनों व उपकरण मरम्मत के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रस्ताव रखा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रतन सिंह गुनसोला, भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बीडी रतूड़ी, अपर सचिव पर्यटन नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल अजय सिंह नबियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद सुयाल, भागीरथी घाटी प्राधिकरण के सदस्य पूर्व आयुक्त एसएस पांगती, एसपी राजीव स्वरूप, सीडीओ श्रीधर बाबू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कीर्ति सिंह नेगी, प्रमुख प्रतापनगर पीसी रमोला, जाखणीधार जगदंबा रतूड़ी, थौलधार रजनी सजवाण, थत्यूड़ गीता रावत, पालिकाध्यक्ष उमेशचरण गुसांई, एडीएम जीएस रावत, मुख्य महाप्रबंधक टीएचडीसी डीके गोविल के अलावा पर्यटन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment