For advertisement contact-09319700701

Sunday, May 22, 2011

भूस्खलन से चौदह घंटे बंद रहा बदरीनाथ हाईवे

गोपेश्वर: बिरही के पास भूस्खलन होने से बदरीनाथ हाईवे चौदह घंटे बंद रहा। इस दौरान बदरीनाथ जाने और वहां से वापस लौटने वाले करीब 12 हजार से अधिक यात्री हाईवे के दोनो ओर भूखे-प्यासे फंसे रहे। बीआरओ के जवानों की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार को चार बजे हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
बदरीनाथ हाईवे पर बिरही के पास सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। बारिश होने से यहां लगातार भूस्खलन हो रहा है। बीती रात करीब दो बजे बिरही- गडोरा के बीच भारी भूस्खलन हुआ और पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे हाईवे बंद हो गया। शनिवार को प्रात: चार बजे बदरीनाथ से यात्रियों का लौटना शुरू हुआ और जोशीमठ से श्रद्धालुओं का काफिला बदरीनाथ के लिए रवाना हुआ, लेकिन बिरही के पास भूस्खलन होने से दोनों ओर करीब 12 हजार से अधिक यात्री वहीं जाम में फंस गए। हाईवे बंद होने पर सीमा सड़क संगठन ने प्रात: से ही सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया था। हालांकि शनिवार को दोपहर दो बजे एक बार छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू भी हुई पर फिर मलबा आने से हाईवे फिर बंद हो गया। इसके बाद काफी मशक्कत करने पर शनिवार सायं चार बजे बीआरओ हाईवे खोल सका।
' बार-बार यात्रा मार्ग बंद होने पर प्रशासन गंभीर है। इसके लिए बीआरओ के अधिकारियों का सख्त निर्देश दिए गए हैं, कि यात्रा रूट पर किसी भी हालत में ब्लास्टिंग न करें, भूस्खलन होने पर तत्काल मलबा हटाया जाए शनिवार को बिरही के पास हाईवे अवरुद्ध होने की सूचना आयुक्त गढ़वाल को भी दे दी गई है।' डॉ. पीएस गुसाई, जिलाधिकारी चमोली

No comments:

Post a Comment