For advertisement contact-09319700701

Saturday, May 21, 2011

दो लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे बदरी-केदार धाम

श्रीनगर गढ़वाल: बदरी-केदार मंदिर समिति को चार धाम यात्रा के पहले पखवाड़े में ही पौने दो करोड़ से अधिक की आय हुई है। इस दौरान करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
शुक्रवार को जारी बयान में समिति के अध्यक्ष अनुसुइया प्रसाद भंट्ट ने बताया कि आठ मई को केदारनाथ और नौ मई को बदरीनाथ के कपाट खुलने के बाद से वहां श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। बदरीनाथ में एक लाख, अट्ठारह हजार सात सौ सोलह श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनसे मंदिर समिति को एक करोड़, तेरह लाख, पांच हजार आठ सौ रुपये की आय प्राप्त हुई है।
वहीं, केदारनाथ में 83,053 श्रद्धालुओं से 74,29,315 रुपये की आय मंदिर समिति को हुई। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति के माध्यम से श्रद्धालुओं को मिल रही विभिन्न सुविधाओं के कारण यात्री अधिक संख्या में बदरी-केदार की ओर रुख कर रहे हैं।
समिति के मुख्य कार्याधिकारी प्रवेश चंद्र डंडरियाल ने बताया कि नि:शुल्क रैन बसेरा और भंडारे की सुविधा से श्रद्धालुओं को खासी राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि मंदिर समिति ने अपने सभी मंदिर परिसरों, कार्यालयों व धर्मशालाओं में तत्काल प्रभाव से पॉलीथिन के प्रयोग पर रोक लगा दी है।

No comments:

Post a Comment