For advertisement contact-09319700701

Saturday, May 21, 2011

हनोल महासू मंदिर बनेगा पांचवा धाम: निशंक

त्यूणी, निज प्रतिनिधि: मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने अचानक हनोल महासू मंदिर पहुंचकर सबको चौंका दिया। सीएम ने महासू मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की। डॉ. निशंक ने महासू मंदिर को पांचवा धाम बनाने और हनोल मंदिर क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. निशंक बगैर तय कार्यक्रम के शुक्रवार को अचानक हनोल महासू मंदिर पहुंचे और महासू देवता के दर्शन किए। सीएम लगभग बीस मिनट तक हनोल में रुके और लोगों से मुखातिब हुए। सीएम निशंक ने कहा कि महासू मंदिर को पांचवा धाम बनाया जाएगा। उन्होंने प्रमुख सचिव को हनोल मंदिर क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने को जल्द कार्य योजना बनाने को कहा। स्थानीय ग्रामीणों की मांग पर सीएम ने आपदा से क्षतिग्रस्त मंदिर तक पहुंचने के लिए हनोल-ठड़ियार को आदर्श मार्ग बनाने की मांग की। आवास विहीन सुशीला देवी की समस्या को देखते हुए सीएम ने आवासीय अनुदान देने की घोषणा की। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मूरतराम शर्मा की मांग पर सीएम ने हनोल के पास जल्द हेलीपैड निर्माण की घोषणा की। बहुउद्देशीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति उत्थान समिति अध्यक्ष हरीश राजगुरु ने मुख्यमंत्री से हनोल मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा को सुलभ शौचालय का निर्माण करने, मंदिर के चारों ओर स्ट्रीट लाइटें लगाने व समुचित पेयजल व्यवस्था समेत आधारभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की। इस मौके पर पर्यटन मंत्री मदन कौशिक, प्रमुख सचिव संस्कृति व तीर्थाटन राकेश शर्मा, डीएम उत्तरकाशी हेमलता ढौंडियाल, एसपी उत्तरकाशी, एडीएम नवनीत पांडे, भाजपा प्रदेशमंत्री अमृत नागर, जिलाध्यक्ष भरत सिंह रावत व नायब तहसीलदार त्यूणी केडी जोशी आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment