For advertisement contact-09319700701

Tuesday, May 24, 2011

रेलवे ट्रेक पर खड़ी कर दी बस

देहरादून: रोडवेज के एक चालक ने सोमवार को 45 यात्रियों की जान रेलवे ट्रैक पर डाल दी। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया व उन्होंने भागकर जान बचाई। रेलवे ट्रैक पर बस खडे़ होने से बांद्रा एक्सप्रेस को करीब पंद्रह मिनट जंगल में रोकना पड़ा। पुलिस ने बस हटाकर ट्रैक खाली कराया व बांद्रा एक्सप्रेस को रवाना किया। पुलिस ने बस का चालान कर दिया। उधर, रोडवेज और रेलवे ने पूरे मामले में जांच बैठा दी है।
घटना सोमवार शाम लगभग सवा पांच बजे मोहकमपुर रेलवे फाटक की है। बांद्रा एक्सप्रेस हरिद्वार की तरफ से देहरादून आ रही थी। गैंगमैन फाटक बंद कर रहा था, तभी हरिद्वार की तरफ से आ रही रोडवेज बस (यूके08-पीए-0220) के चालक ने दूसरी बस को ओवरटेक करते हुए फाटक में बस घुसा दी। इसी बीच, सामने वाला बैरियर डाउन हो गया और बस रेलवे ट्रैक पर अटक गई। बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। बस घुसाने को लेकर गैंगमैन व चालक में बहस शुरू हो गई। जब यात्रियों को पता लगा कि बांद्रा एक्सप्रेस ट्रैक पर आ रही है, तो उनके होश उड़ गए। यात्री बस में सामान छोड़कर कूद पड़े व किसी तरह जान बचाई। चूंकि, सिगनल डाउन हो चुका था, इस वजह से फाटक दोबारा नहीं खोला गया। गैंगमैन ने स्टेशन अधीक्षक को मामले की जानकारी दी व ट्रेन रोकने का आग्रह किया। आनन-फानन में बांद्रा एक्सप्रेस को हर्रावाला स्टेशन छोड़ने के बाद जंगल में रोका गया। करीब 15 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। सूचना पर जोगीवाला पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। ट्रैक से बस हटने के बाद बांद्रा को हरी झंडी दिखाई गई। पुलिस बस व चालक को चौकी ले गई। बस का एमवी एक्ट में चालान किया गया। आरोपी चालक का नाम गोवर्धन पुत्र ज्योतिराम निवासी बेहट सहारनपुर बताया गया। मामले में रोडवेज और रेलवे प्रशासन ने जांच बैठा दी है। रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
'मामला मेरे संज्ञान में है। रेलवे ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे की इंजीनियरिंग विंग जांच करेगी व दोषी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में गैंगमैन की गलती नहीं मिली है। रोडवेज चालक ने जबरन बस घुसाई थी। जांच बाद मामले में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। रोडवेज अफसरों को इस संबंध में पत्र भेजा जा रहा है।'

No comments:

Post a Comment