For advertisement contact-09319700701

Tuesday, May 24, 2011

युवा मन की हसरतें बदल रही करवट

हल्द्वानी: युवा मन की हसरतें अब तेजी से करवटें बदल रही हैं। युवा वर्ग किसी परंपरा से बंधकर या किसी दबाव में लक्ष्य का चुनाव करना नहीं चाहते हैं। वैश्वीकरण के इस दौर में प्रतिभावान युवाओं की मंजिल ऊंचा उड़ने की है। साथ ही कैरियर के प्रति उनकी दूरगामी सोच ऐसे कोर्सेज के प्रति बढ़ी है जो कुछ हटकर हों और उनकी प्रतिभा को और निखार सकें।
सीबीएसई बोर्ड की 12वीं के परीक्षा परिणाम को लेकर सोमवार को युवाओं में जबरदस्त जोश दिखा। आखिर हो भी क्यों न, क्योंकि यही से उनके कैरियर के सपने को हकीकत के पंख जो लगने हैं। शहर के अधिकांश प्रतिभाशाली छात्रों ने भले ही इंजीनियरिंग व मेडिकल की पढ़ाई करने की बात तो की लेकिन सीधे तौर पर इस प्रोफेशन से जुड़े रहने पर जोर नहीं दिया। सिविल सर्विसेज की चमक-दमक और उसमें अपार संभावनाएं अब उन्हें लुभाने लगी हैं। इससे साफ जाहिर हो रहा कि युवा एकेडमिक क्षेत्र में ही नहीं बल्कि प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में भी आसमान छूना चाहते हैं। कुछ नया करने का जज्बा व जोश उनमें साफ नजर आ रहा था। इतना हीं नहीं अब अभिभावक भी बच्चों के आगे-आगे नहीं बल्कि उन्हें मंजिल तक पहुंचाने के लिए उनके पीछे-पीछे चलते नजर आ रहे हैं। अभिभावक पूनम सैनी कहतीं हैं कि बच्चे खुद ही पढ़ाई व कैरियर के प्रति पहले से अधिक जागरूक हुए हैं। उन्हें बहुत अधिक टोकने या समझाने की जरूरत नहीं है, हां इस उम्र में मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। डॉन बास्को बेरी पड़ाव के प्रधानाचार्य एसके सनवाल बताते हैं कि युवा अब नये सेक्टर में जाना चाहते हैं, जहां ग्लैमर भी और पैसा भी।

No comments:

Post a Comment