For advertisement contact-09319700701

Monday, May 23, 2011

औली नाले में फिर बरपाया कहर

जोशीमठ: लगातार मूसलाधार बारिश से औली नाले ने एक बार फिर कहर बरपाया है। 21 घरों व 5 दुकानों में मलबा भरने से लोग बेघर हो गये हैं, जबकि 5 सौ से अधिक नाली जमीन तबाह हुई है। इसमें ग्रामीणों के एक हजार से अधिक सेब के पेड़ व लाखों की आलू की फसल भी दब गई है।
शनिवार रात्रि लगभग एक बजे जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे तो अचानक औली नाला मलबे के साथ उफान पर था। मलबा डाडो, टीवी टॉवर, अंग्रियाल, उनागेर, सुनील, चौंडारी, लोअर बाजार सहित अन्य बस्तियों में 21 से अधिक घरों व पांच दुकानों में घुस गया। लोगों में रातभर अफरा तफरी रही। प्रभावितों ने सुरक्षित जगह पर शरण लेकर जान बचाई। नाले में आई भयंकर बाढ़ से 5 सौ नाली से अधिक जमीन तबाह हो गई तथा औली में सड़क भी जगह-जगह बाधित हो गई। लोक निर्माण विभाग के 3 स्क्रबर बंद होने के चलते पानी के प्रचंड वेग के साथ बह रहा यह मलबा कई जगह तबाही का कारण बना। प्रशासन ने क्षेत्र में हुये नुकसान का ब्यौरा जिलाधिकारी को भेजा है। प्रशासन ने नुकसान के आकलन के लिए संयुक्त टीम गठित की है। क्षेत्रीय विधायक केदार सिंह फोनिया, नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा सहित नगर पालिका के अधिकारियों ने प्रभावित स्थल का दौरा किया। प्रशासनिक अधिकारियों को इस दौरान ग्रामीणों के गुस्से का सामना भी करना पड़ा। जनता का कहना है कि विंटर सैफ गेम के लिए औली में बनाये गये स्लोप का मलबा आये दिन नगर में कहर बरपा रहा है, लेकिन इसकी रोकथाम के लिए हो रहे कार्य इतने घटिया हैं कि वे भी ग्रामीणों की मुसीबत और बढ़ा रहे है। प्रशासन ने आश्वक्त किया कि जनता की मांग के अनुसार औली से अलकनंदा तक बनाये जा रहे नाला निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जायेगी।
''नाला निर्माण को लेकर जनता की शिकायत पर जिलाधिकारी को जांच के लिए लिखा गया है। नुकसान से प्रभावित घरों व दुकानों की सूची भी भेजी गई है। साथ ही फसलों के नुकसान के लिए टीम गठित की गई है जो 3 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी ताकि मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाई। ''

No comments:

Post a Comment