For advertisement contact-09319700701

Friday, May 20, 2011

नागकन्याल पेयजल योजना ध्वस्त होने से पेयजल को हाहाकार

कांडा(बागेश्वर): तहसील कांडा के ग्राम नागकन्याल में पेयजल योजना ध्वस्त हो जाने के कारण तल्ला नागकन्याल व भाकड़ पंत गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग कोई सुध नहीं ले रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पानी मुहैया नहीं हुआ तो जल संस्थान कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
जल संस्थान व जल निगम निर्माण शाखा को सौंपे गये ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि तल्ला नागकन्याल व भाकड़ पंत गांवों को आने वाली पेयजल योजना का चेंबर ध्वस्त हो गया है तथा पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गयी हैं जिस कारण ग्रामीणों को पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पेयजल योजना का निर्माण 12 वर्ष पूर्व हुआ था। लेकिन विभागीय अनदेखी के कारण योजना का सही ढंग से रखरखाव नहीं हो पाया तथा योजना ध्वस्त हो गयी। सिटोली, भाकड़पंत व नागकन्याल के 150 से अधिक परिवार दूषित पेयजल पीने को मजबूर हैं। इधर ग्रामीणों ने बैठक कर जल संस्थान कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। बैठक में पूर्व प्रधान वंशीधर कांडपाल, प्रकाश तिवारी, दिनेश कांडपाल, विजय वर्मा, चंद्र राम, पूरन राम, देवकी देवी, गीता देवी, रणजीत कुमार, गीता देवी, पुष्पा देवी, राधा, प्रेम प्रकाश कांडपाल, बबलू कांडपाल, हरीश कांडपाल, दीप कांडपाल, मोहन राम आदि मौजूद थे। पेयजल निगम निर्माण शाखा के अधिशाषी अभियंता ने कहा है कि उक्त योजना पूर्व में ही जल संस्थान को हस्तांतरित की जा चुकी है।

No comments:

Post a Comment