For advertisement contact-09319700701

Thursday, May 19, 2011

फल, सब्जी व फूल उत्पादन को प्रेरित करना ही शौक

अल्मोड़ा: कृषि विभाग से 1992 में सेवानिवृत्त 79 वर्षीय प्रेम गिरि गोस्वामी आज भी बागवानी उतनी ही चपलता से करते हैं, जितनी वह युवा अवस्था में करते होंगे। यह उनकी निरंतर सृजनशील कार्य संस्कृति का ही परिणाम है कि वह इस अवस्था में भी युवाओं को पछाड़ने का माद्दा रखते हैं।
मूलरूप से जिले के रानीखेत तहसील के पांखुड़ा उपराड़ी निवासी प्रेम गिरि गोस्वामी की दिनचर्या प्रात: चार बजे से शुरू हो जाती है। सेवानिवृत्ति के बाद ग्राम तिमली में आदर्श उद्यान बनाने की ठानी। अपने अथक परिश्रम से उसे मूर्तरूप दिया। आज उनके उद्यान में आडू, पुलम, अखरोट, नाशपाती, अनार, माल्टा, कागजी नींबू, खट्टा नींबू, सेब, आंवला के पेड़ हैं। उद्यान से उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया है। उद्यान का जुनून ऐसा है कि वह उद्यान के प्रति रुचि रखने वाले लोगों को सुझाव देने, पौध रोपण करने, अल्मोड़ा नगर के आसपास के ग्रामीण इलाकों में ही नहीं बल्कि बागेश्वर के कपकोट जैसे क्षेत्रों में भी सेवाभाव से पहुंचते हैं। वह केवल फल ही नहीं फूल व सब्जी के पौध व बीजों का नि:शुल्क वितरण करते हैं। प्रेम गिरि गोस्वामी ने बताया कि इन दिनों उन्होंने सब्जी की पौध में शिमला मिर्च, टमाटर, पत्ता गोभी, बैगन, के पौध तैयार कर अपने गांव के तिमली, पैठाना, कैहड़गांव ही नहीं अल्मोड़ा के गांवों में भी 25 से 30 पौधे प्रत्येक किसान को नि:शुल्क प्रदान किए हैं। प्रेम गिरि गोस्वामी को इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टीट्यूट नई दिल्ली ने पुरस्कृत किया है। इसी प्रकार पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय ने भी उन्हें सम्मानित किया है। श्री गोस्वामी कहते हैं कि उनका उद्देश्य घर-घर में अपने हाथ से उगाए फल, सब्जी व फूल का उपयोग के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

No comments:

Post a Comment