For advertisement contact-09319700701

Wednesday, May 25, 2011

घिंगारी में उल्टी-दस्त का प्रकोप

रानीखेत: ताड़ीखेत ब्लाक अंतर्गत सिलोर पट्टी के घिंगारी गांव में करीब एक दर्जन लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए। रात पीडि़तों को गोविंद सिंह माहरा राजकीय अस्पताल रानीखेत में भर्ती किया गया। डाक्टरों ने इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया है। सभी पीडि़त एक ही परिवार से जुड़े हैं।
सोमवार की अपराह्न घिंगारी गांव के कुछ लोगों को उल्टी व दस्त की शिकायत शुरू हुई। इसके बाद रात तक कई लोग इसकी चपेट में आ गए। ग्राम प्रधान भूपेंद्र सिंह सजवाण ने विधायक करन माहरा को इसकी सूचना दी। विधायक ने 108 आपातकालीन सेवा को गांव भेजा। इसके बाद देर रात 108 एंबुलेंस सेवा व अन्य वाहनों से सभी पीडि़तों को नागरिक चिकित्सालय रानीखेत में लाकर भर्ती कराया गया। भर्ती लोगों में अंबिका देवी (72) पत्नी स्व. अनूप सिंह नेगी, उमा (28) पत्नी सुरजीत सिंह रौतेला, भावना सजवान (26) पत्नी गणेश सिंह सजवान, तन्नू रौतेला (16) पुत्री स्व. त्रिलोक सिंह रौतेला, पुष्पा देवी (25) पत्नी हीरा सिंह सजवान, सुरजीत सिंह (30) पुत्र स्व. त्रिलोक सिंह, श्यामा देवी (50) पत्नी स्व. त्रिलोक सिंह, ममता सजवान (20) पुत्री स्व. देव सिंह सजवान, कुबेर सिंह सजवान (35) पुत्र स्व. देव सिंह सजवान, माया सजवान (28) पत्नी कुबेर सिंह, गणेश सजवान (28) पुत्र देव सिंह सजवान तथा रवींद्र रौतेला (28) पुत्र स्व. त्रिलोक सिंह शामिल हैं।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.डीएस नेई ने बताया कि अंबिका देवी की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, अन्य सभी रोगियों की हालत में सुधार है। उन्होंने आशंका जताई कि मामला फूड प्वाइजनिंग का है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ताड़ीखेत से एक चिकित्सा टीम गांव भी गई। मौके से लौटे स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ.अखिलेश ने बताया कि गांव में एक महिला बीमार थी, उसका गांव में ही इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। बताया जाता है कि गांव में 21 मई को एक परिवार में शादी थी। वहीं बासी भोजन खाने से लोग बीमार हो गए। पीडि़तों में दूल्हा गणेश सजवान व दुल्हन भावना भी शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment