अल्मोड़ा: रसोई गैस का व्यवसायिक उपयोग करने के आरोप में छापेमारी के दौरान पिता-पुत्र के गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जिलाधिकारी डीएस गब्र्याल के निर्देश पर मारे गए छापे में एक दुकान में घरेलू रसोई गैस के सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरते हुए दुकानदार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। छापे में दुकानदार के पास से 13 बड़े व 13 छोटे गैस के सिलेंडर मौके पर जब्त किए गए और गैस एजेंसी के मैनेजर को सौंप दिए गए। उपजिलाधिकारी नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों के पास से बड़ी संख्या में गैस कनेक्शनधारियों के कागजात भी बरामद हुए। श्री क्वीरियाल ने बताया कि जहां पर गैस बेजां कारोबार होता था, वहां पर दो बच्चों के विद्यालय हैं, जिसमें भारी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं। इसके अतिरिक्त मोहल्ले के बीच गैस के इस अवैध कारोबार से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। जिलाधिकारी ने कहा है कि गिरफ्तार व्यक्तियों को आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा एलपीजी गैस कनेक्शन अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा है कि घरेलू गैस का बेजां इस्तेमाल करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा। छापेमारी अभियान में उपजिलाधिकारी नरेंद्र सिंह क्वीरियाल, तहसीलदार पंकज उपाध्याय, कोतवाल कमल राम आर्या, एफजीआई मनोज बर्मन शामिल थे।

No comments:
Post a Comment