For advertisement contact-09319700701

Friday, May 20, 2011

बैंक खाते देख ठनका पुलिस का माथा

कोटद्वार: नगर में बुधवार को हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। जांच के दौरान मृतक दंपती के बैंक खातों ने पुलिस के माथे पर शिकन बढ़ा दी है। दरअसल, दंपती के बैंक खातों की रकम व लेन-देन देख पुलिस भी हैरत में पड़ गई है। दूसरी ओर, मामले से जुड़े तमाम बिंदुओं की जांच के लिए तीन पुलिस टीमों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया है।
बुधवार सुबह कोतवाली पुलिस ने यहां स्टेडियम बस्ती (झूला बस्ती) निवासी अर्जुन उर्फ वीरपाल व उसकी पत्‍‌नी सुंदरी उर्फ सुमन के शव उनके निवास से बरामद किए। अज्ञात बदमाशों ने दंपती के हाथ-पैर बांध व मुंह में कपड़ा ठूंस नृशंस तरीके से गला रेत कर हत्या कर दी थी। दंपती से जुड़े बरामद कई अन्य दस्तावेजों की जांच के दौरान दंपती के बैंक खातों को देख पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई।
सूत्रों के मुताबिक, दंपती के तमाम बैंक खाते रथौणा खुर्द (हस्तिनापुर) स्थित एक बैंक की इकाई के पाए गए। इनमें ज्यादा खाते सुमन के नाम हैं। इतना ही नहीं, नजीबाबाद स्थित एक बैंक में सुमन के खाते में करीब एक साल से प्रतिदिन एक हजार रुपये जमा कराए जा रहे थे। बैंक खातों में लेन-देन भी लाखों में होना पाया गया। इतना ही नहीं, दंपती ने गत फरवरी माह में भारतीय जीवन बीमा निगम के करीब दो लाख के बांड भी भरे थे।
इससे पूर्व बुधवार को जब पुलिस ने मोहल्लेवासियों से अर्जुन उर्फ वीरपाल के कारोबार के संबंध में जानकारी चाही तो अधिकतर लोगों को कहना था कि अर्जुन कोई काम नहीं करता था, जबकि कुछ लोग उसे राज मिस्त्री बताते थे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह पींचा ने बताया कि मामले की तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने की उम्मीद जताई।
बुधवार देर रात पुलिस अधीक्षक अरूण मोहन जोशी कोटद्वार पहुंचे व उन्होंने घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कई विभाग घेरे में
कोटद्वार : नगर में नाम बदलकर रह रहे अर्जुन उर्फ वीरपाल व उसकी पत्‍‌नी सुंदरी उर्फ सुमन की हत्या के बाद चल रही जांच ने कई विभागों की कार्यप्रणाली को कटघरे में ला खड़ा किया है। दरअसल, अर्जुन उर्फ वीरपाल के घर से पुलिस ने 'अर्जुन' नाम से राशन कार्ड, अर्जुन व सुमन के नाम से फोटो पहचान पत्र बरामद किए हैं। इतना ही नहीं, नगर पालिका परिषद की ओर से अर्जुन को उसकी गोद ली गई पुत्री पूजा का जन्म प्रमाण पत्र भी इश्यू किया गया है, जबकि पूजा का जन्म पर्वतीय क्षेत्र के एक गांव में होना बताया जा रहा है। सवाल यह उठता है कि आखिर उक्त विभागों ने जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड व फोटो पहचान पत्र जारी करने से पूर्व दंपति के सत्यापन की जहमत क्यों नहीं उठाई?

No comments:

Post a Comment