For advertisement contact-09319700701

Friday, May 27, 2011

दोहरा हत्याकांड : धूल में लट्ठ भांज रही पुलिस

कोटद्वार: नगर में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी 'धूल में ही लट्ठ भांज' रही है। मामले का खुलासा करना तो दूर, पुलिस आज तक उन सुरागों तक का पता नहीं कर पाई है, जिसके चलते इस नृशंस हत्याकांड अंजाम दिया गया।
बताते चलें कि गत सप्ताह यहां स्टेडियम बस्ती (झूला बस्ती) निवासी वीरपाल उर्फ अर्जुन व उसकी पत्‍‌नी सुंदरी उर्फ सुमन की अज्ञात बदमाशों ने गला रेत कर नृशंस हत्या कर दी थी। दंपति नगर में नाम बदलकर रह रहा था, जिसके आधार पर पुलिस को लगा कि संभवत: वीरपाल उर्फ अर्जुन आपराधिक प्रवृत्ति का रहा होगा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आपराधिक वारदात को अंजाम देने के बाद नगर में नाम बदलकर रह रहा होगा। लेकिन, इन संभावनाओं पर तब पानी फिर गया जब वीरपाल उर्फ अर्जुन का रिकार्ड खंगालने पश्चिमी उत्तर प्रदेश पहुंची टीम बैरंग वापस लौट आई। पुलिस की मानें तो मृतका का चाल-चलन ठीक नहीं था, लेकिन सवाल यह उठता है कि गलत चाल-चालन नृशंस हत्या का कारण क्यों और कैसे बन गया। मृतक वीरपाल उर्फ अर्जुन का गायब मोबाइल फोन भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सूत्रों की मानें तो मोबाइल फोन के अलावा मकान की रजिस्ट्री भी नहीं मिल रही। अंदाजा लगाया जा रहा है कि संभवत: हत्या प्रापर्टी के चलते की गई होगी।
बहरहाल, पुलिस की जांच अब वीरपाल उर्फ अर्जुन के मोबाइल फोन पर आकर ठहर गई है। पुलिस ने सुंदरी उर्फ सुमन के मोबाइल फोनों से प्राप्त नंबरों की भी जांच की, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली। अलबत्ता, इतना अवश्य पता चला कि क्षेत्र में बड़ा सेक्स रैकेट अवश्य चल रहा था। पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह पींचा भी स्वीकारते हैं कि एक सप्ताह बीतने के बाद भी दंपत्ति की हत्या पुलिस के लिए अनसुलझी पहेली ही बनी हुई है। हालांकि, वे एक बार फिर मामले का जल्द ही खुलासा करने का दावा कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment