For advertisement contact-09319700701

Sunday, May 22, 2011

हवा में लटकाया पुल!

कोटद्वार: करीब दो वर्ष पूर्व जब प्रखंड यमकेश्वर के अंतर्गत सतेड़ी नदी के ग्वाड़ गदेरे पर पुल बनना शुरू हुआ तो करीब तीन दर्जन गांवों के वाशिंदे काफी उत्साहित थे लेकिन, तीन वर्ष बीतने के बाद भी उनकी उम्मीदें परवान नहीं चढ़ पाई हैं। कार्यदायी संस्था ने पुल निर्माण तो कर दिया, लेकिन पुल पर चढ़ने का रास्ता आज तक नहीं बनाया।
वर्ष 2007-08 में जब प्रखंड यमकेश्वर के अंतर्गत सतेड़ी नदी के ग्वाड़ गदेरे में करीब चार लाख की लागत से पुलिया निर्माण कार्य शुरू हुआ तो प्रखंड की ग्रामसभा आवई, गुंडी सहित डाडामंडल क्षेत्र के करीब 19 गांव व विंध्यवासिनी ताल के करीब 15 गांवों के वाशिंदो ने राहत की सांस ली। दरअसल, पुलिया न होने के कारण इन ग्रामीणों को बरसात के मौसम में गदेरा पार कर गंतव्य को जाना पड़ता था, जिसमें तमाम दिक्कतें पेश आती थी। वर्ष 2007-08 में क्षेत्र पंचायत निधि से पुल निर्माण को चार लाख की धनराशि स्वीकृत हो गई व पुल का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया। पुल तो बन गया, लेकिन आज तक इस पुल पर चढ़ने का रास्ता नहीं बन पाया है। नतीजतन, पुल होने के बावजूद आज भी ग्रामीण गदेरा पार करने को मजबूर हैं।

No comments:

Post a Comment