अल्मोड़ा: नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर पालिका सभागार में जिलाधिकारी डीएस गब्र्याल की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। संभ्रांत नागरिकों, पालिका परिषद्, पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर गहन विचार विमर्श किया गया। नगर वासियों ने जगह-जगह बंद पड़ी नालियों, कलवर्टो के अतिरिक्त भवन निर्माण सामग्री के बिखरने की शिकायत की। पालिका की सफाई व्यवस्था से खिन्न नगर के संभ्रांत व्यवसायी बंसी लाल कक्कड़ सहित अनेक लोगों ने पालिका की कार्यशैली पर असंतोष जताया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों व पालिका अध्यक्ष को ताकीद करते हुए कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने को हरसंभव प्रयास करें। जिलाधिकारी ने रात्रि में जेसीबी मशीन चलाने वालों को मशीन न चलाने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका को जगह-जगह कूडे़दान लगाने को कहा। बैठक में थाना के प्रभारी निरीक्षक कमल राम आर्या, पालिका अध्यक्ष शोभा जोशी, जिलाधिकारी एनएस क्वीरियाल, पालिका के अधिशासी अभियंता शेखर चंद्र जोशी, हरीश पंत, पालिक सदस्य कैलाश गुरूरानी, दया जोशी, एलके पंत, अजय वर्मा, त्रिलोक चंद्र जोशी, राधा तिवारी, ज्योती कांडपाल, सचिन टम्टा, सरिता आया, युसुफ तिवारी, मनीश जोशी, राजीव कुमार सहित अनेक लोग शामिल थे।

No comments:
Post a Comment