For advertisement contact-09319700701

Wednesday, May 25, 2011

व्यापारियों को एक करोड़ का चूना, कंपनी फरार

हरिद्वार: इंटीरियर डेकोरेशन के नाम पर कई व्यापारियों से एक करोड़ से अधिक की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। ठगी करने वाली कंपनी सिडकुल में स्थित अन्य कंपनियों में इंटीरियर डेकोरेटर का काम कर रही थी।
शिकायत होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कंपनी संचालक फरार हैं और शिवालिक नगर स्थित कंपनी कार्यालय पर ताला पड़ा हुआ है।
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार शिवालिक नगर में गुप्ता इंटीरियर एंड पावर सोल्यूशन नामक कंपनी ने अपना कार्यालय खोलकर सिडकुल की कंपनियों में इंटीरियर डेकोरेटर का काम शुरू किया था। मार्च में शुरू किए गए काम के दौरान कंपनी ने शहर के कई बड़े व्यापारियों को जल्द ही अपने विश्वास में ले लिया। इस आधार पर उनसे बड़े पैमाने पर एसी और अन्य इलेक्ट्रानिक सामान क्रेडिट के आधार पर उठा लिए।
विश्वास को बनाए रखने के लिए गुप्ता इंटीरियर की ओर से भुगतान के लिए उन्हें चेक दिए गए लेकिन जब व्यापारियों ने चेक भुनाने के लिए बैंक में लगाए तो वे बाउंस हो गए। व्यापारियों ने कंपनी संचालकों से बातचीत की, लेकिन वे हर बार बहाने बनाकर टालते रहे। व्यापारियों को इसी अगर-मगर में उलझाकर कंपनी संचालक 16 मई को कंपनी कार्यालय में ताला डाल फरार हो गए। इसके बाद व्यापारियों को ठगे जाने का अहसास हुआ। इसके बाद से ही संचालक के दोनों फोन भी लगातार बंद हैं।
व्यापारियों ने मामले की जानकारी एसएसपी केवल खुराना को दी। उनके आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment