For advertisement contact-09319700701

Tuesday, May 17, 2011

खाई में गिरी बस, चालक की मौत

नैनीताल: हाइवे पर ज्योलीकोट के पास टूरिस्ट बस करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक की उसमें फंसकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चालक को बमुश्किल बाहर निकाला।
बताते हैं कि हिना टूर एंड ट्रेवल्स की बस यूए 04-बी-8049 खराब होने की वजह से बीते तीन-चार दिन से ज्योलीकोट में ही खड़ी थी। पुलिस के मुताबिक सोमवार देर शाम चालक जीवन निवासी बागेश्वर को वाहन स्वामी ने जैसे-तैसे बस को नैनीताल लाने के लिए दबाव बनाया। इस पर चालक ने कुछ लोगों की मदद से धक्का देकर बस को स्टार्ट कर लिया और शहर की तरफ ले जाने लगा। तभी ज्योलीकोट से कुछ दूर रेजीडेंसी होटल के पास वह बस पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन असंतुलित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे के दौरान चालक बस में अकेला था। खाई में गिरने के बाद बस के परखच्चे उड़ गए और गंभीर रूप से जख्मी चालक उसमें फंस गया।
कुछ ही देर बाद चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के वक्त जबर्दस्त आवाज सुन ग्रामीण मशाल व टॉर्च लेकर मौके की तरफ दौड़ पड़े। इसी बीच चौकी इंचार्ज सुंदरम शर्मा को भी इत्तला दी गई। उधर सूचना पर तल्लीताल थानाध्यक्ष जगदीश सिंह देउपा भी पुलिस कर्मियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से चालक जीवन का शव जैसे-तैसे बस से बाहर निकाला गया। देर रात पुलिस मृतक चालक के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी थी।

No comments:

Post a Comment