रानीखेत: तहसील अंतर्गत नैनी-गिनाई मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से ठप होने से क्षेत्रवासियों में रोष है। ग्रामीणों ने मोटर मार्ग निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं किए जाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। दो वर्ष पूर्व राज्य योजना के तहत 6 किमी लंबे नैनी-गिनाई मोटर मार्ग को स्वीकृति मिली। इस साल 18 मार्च से मार्ग निर्माण का कार्य भी आरंभ हुआ। लेकिन 3 किमी निर्माण के बाद सड़क निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता बालम सिंह अधिकारी ने बताया कि जाना में जेसीबी मशीन द्वारा पहाड़ नहीं काटे जा सकने के कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया। दूसरी ओर गिनाई गांव में भी एक अन्य जेसीबी मशीन खराब हो जाने के कारण खड़ी है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से जाना, गिनाई, नैनी आदि गांवों की करीब 2 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। श्री अधिकारी ने बताया कि उक्त क्षेत्र सब्जी उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को विकास योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बाजार नहीं मिल पाने के कारण आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। श्री अधिकारी ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाए जाने के बावजूद सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया जा सका। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र रुके मोटर मार्ग निर्माण का कार्य आरंभ नहीं हुआ तो क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment